उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी 7 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा प्रस्तावित है, बताते चलें कि केंद्रीय मंत्री का यह दौरा धामी सरकार के चार साल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष में होना है। इस क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने शासकीय आवास में उच्चाधिकारियों संग आवश्यक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मानीटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से सुनिश्चि करने के भी दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री के हरिद्वार दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और विभागीय समन्वय की सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार की धार्मिक-सांस्कृतिक महत्वता को ध्यान में रखते हुए आमजन व श्रद्धालुओं को किसी असुविधा से बचाने, सुरक्षा को चाक-चौबंद करने, यातायात-पार्किंग की मजबूत योजना बनाने, तथा स्वच्छता, पेयजल, बिजली व स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संबंधित विभागों में बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया। इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी दी, तो मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में कोई कमी न रखने के निर्देश दिए। बैठक में गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित (हरिद्वार), सविन बंसल (देहरादून), अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


