UKPSC Recruitment 2026: SDM-DSP समेत 67 पदों पर निकली सीधी भर्ती, 29 सितंबर तक करें आवेदन

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। आयोग ने हरिद्वार मुख्यालय से ‘सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026’ की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। इसके तहत राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी विभागों में कुल 67 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन दर्ज करा सकते हैं।

लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय द्वारा जारी इस अधिसूचना में प्रशासनिक, पुलिस, वित्त, शिक्षा, श्रम, परिवहन और कृषि विभाग के प्रमुख पदों को शामिल किया गया है। भर्ती में सबसे ज्यादा आकर्षण प्रशासनिक और पुलिस सेवा के पदों को लेकर है, जिसमें शासन के कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के तहत डिप्टी कलेक्टर के 10 पद और गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक के 14 पद विज्ञापित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में फिर करवट बदलेगा मौसम, देहरादून समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

प्रशासनिक पदों के अलावा अन्य प्रमुख विभागों में भी रिक्तियां घोषित की गई हैं। वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 पद, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8 पद, खंड विकास अधिकारी के 5 पद और जिला कमांडेंट के 2 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। वहीं, राज्य कर विभाग में सहायक आयुक्त का 1 पद और राज्य कर अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Politics: अगले 15 दिन में बनेगी कांग्रेस की 'सेना', कुमारी शैलजा के कड़े निर्देश

शिक्षा, श्रम और परिवहन विभाग को मजबूती देने के लिए भी पदों का आवंटन किया गया है। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद, सहायक निदेशक/उपसचिव के 4 पद, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर के 1 पद और सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद निर्धारित है। इसके साथ ही सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1 पद, सहायक निदेशक के 2 पद और पौधशाला विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद घोषित हुआ है।

आयोग ने महिला कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी पद जारी किए हैं, जिसके तहत केस वर्कर के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन सभी विज्ञापित 67 पदों का वेतनमान, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा पद की श्रेणी व संबंधित विभाग के सेवा नियमों के आधार पर अलग-अलग तय की गई है।

यह भी पढ़ें -  नितिन नवीन का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा: प्रदेश पदाधिकारियों को देंगे जीत का मंत्र

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय में तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए 29 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन फॉर्म भर लें। भर्ती से जुड़ी विस्तृत शर्तें, नियम और परीक्षा पाठ्यक्रम आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।