उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। एहतियातन पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को तत्काल खाली कराकर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौके पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर परिसर की सघन तलाशी ले रहे हैं। पुलिस द्वारा भवन के हर हिस्से, वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। मुख्य गेट पर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
घटना के बाद जनपद मुख्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत देखी गई। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं और धमकी मिलने के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी प्रकार के विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जांच जारी है। स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।


