उत्तराखंड के मुख्मयंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिला स्थित कोटी कॉलोनी में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का शुभारंभ किया। बताते चलें कि राज्य सरकार की ओर से टिहरी जिले को प्रमुख पर्यटनों स्थलों की लिस्ट में शामिल करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। सरकार का मानना है कि टिहरी झील में 6 से 9 मार्च तक आयोजित लेक फेस्टिवल पर्यटन को नई ऊंचाई देगा, लिहाजा आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पयर्टन विकास परिषद व जिला प्रशासन ने कमर कसी हुई है।
आपको बता दें कि चार दिन तक आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में तरह-तरह की साहसिक एवं कलात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया है। कुल मिलाकर इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य जिले को प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन में ढालना है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा बल्कि जिले की आर्थिकी में भी तटस्थता आएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो, फोटोग्राफी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
मनोरंजन और हुनर का महा-संगम
टिहरी झील में चार दिनों तक आयोजित हो रहे इस फेस्टिवल के दौरान अलग- अलग स्थानों पर मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग, रैप सिंगिग प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। जिसमें प्रथम विजेता एक लाख रुपए तक का पुरस्कार जीत सकता है, इसी तरह दूसरे स्थान का विजेता 50 हजार, तीसरे स्थान का विजेता 25 हजार रुपए का पुरस्कार जीत सकता है, इसके साथ ही पांच- पांच हजार के 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

