गृहमंत्री के दौरे पर महिला कांग्रेस का विरोध, ज्ञापन देने गईं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

ख़बर शेयर करें


ऋषिकेश/देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के उत्तराखंड दौरे के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विरोध जताया। प्रदेश अध्यक्ष Jyoti Rautela के नेतृत्व में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री को ज्ञापन देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता गृहमंत्री को प्रदेश से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर ज्ञापन देने के लिए पहुंची थीं। रौतेला ने बताया कि ज्ञापन में प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े कई मुद्दों को उठाया जाना था। इसके अलावा Ankita Bhandari हत्याकांड में अब तक पूर्ण न्याय न मिलने और कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक न होने के मुद्दे को भी प्रमुखता से शामिल किया गया था।
उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देने जा रही थीं, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें काफी देर तक रोके रखा गया। रौतेला के अनुसार मौके पर मौजूद किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने ज्ञापन लेने की पहल नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसमें उन्हें हल्की चोटें भी आईं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसके बाद भी बिना ज्ञापन लिए उन्हें और उनकी महिला साथियों को ऋषिकेश कोतवाली ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अधिकार है। उनका कहना था कि गृहमंत्री अमित शाह पूरे देश के गृहमंत्री हैं और जब भी वे उत्तराखंड आते हैं तो यहां के जन मुद्दों को सुनने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है।
रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और आम जनता पर महंगाई का बोझ गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इन मुद्दों पर सरकार गंभीरता से कदम नहीं उठाती है तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी।
इस मौके पर वरिष्ठ महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंढियाल थापा, जिला अध्यक्ष अंशुल त्यागी, अंजू मिश्रा, महासचिव निधि नेगी, नलिनी दीक्षित, दीपा चौहान सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।