देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें भावपूर्ण स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। देहरादून से जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पंडित पंत को एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राजनीतिज्ञ और महान देशभक्त बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजाद भारत के निर्माण तक राष्ट्र को एक नई दिशा दी। उनका संपूर्ण जीवन जन-सेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा।
उत्तराखंड के ऐतिहासिक संदर्भों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने बताया कि राज्य से कुली बेगारी प्रथा का अंत कराने और देश भर में जमींदारी उन्मूलन जैसे क्रांतिकारी सुधार लागू कराने में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की निर्णायक भूमिका रही। उनके इन ऐतिहासिक कदमों ने समाज के वंचित वर्ग को न्याय दिलाया।
देश की भाषाई अस्मिता में पंडित पंत के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराने में उनका विशेष योगदान था। उन्होंने हमेशा भारतीय संस्कृति और राजभाषा के सम्मान के लिए प्रयास किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का महान व्यक्तित्व और आदर्श विचार हमारी युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेंगे। उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण किया जा सकता है।

