देहरादून। होली के त्योहार से पहले अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में ऋषिकेश क्षेत्र में तैनात आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट की अगुवाई में टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से लाई जा रही अवैध शराब की खेप को पकड़ लिया। कार्रवाई रायवाला क्षेत्र में की गई, जहां संदिग्ध वाहन से हरियाणा ब्रांड की रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 फरवरी की सुबह तड़के आबकारी टीम ऋषिकेश द्वारा रायवाला के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (DL1ZC8047) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और श्यामपुर फाटक से पहले उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से हरियाणा ब्रांड की रॉयल स्टैग शराब की खेप बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि यह शराब AIIMS Rishikesh के पास डिलीवरी के लिए लाई जा रही थी। मौके से गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम निखिल कुमार अग्रवाल पुत्र सुरेंद्र कुमार अग्रवाल निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार बताया। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह अपनी टैक्सी गाड़ी से दिल्ली और हरियाणा से सवारियां उत्तराखंड लाता है और उसी दौरान हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचता है। उसने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई स्थानों पर शराब की सप्लाई कर चुका है।
आबकारी विभाग के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि होली के मद्देनजर बाहरी राज्यों से शराब की अवैध तस्करी की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट की सक्रियता से क्षेत्र में शराब तस्करों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि त्योहारों के समय अवैध शराब की मांग बढ़ने पर तस्कर सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन इस बार विभाग पूरी मुस्तैदी से निगरानी कर रहा है। टीम में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, राकेश, अंकित, आशीष चौहान और हेमंत शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


