उत्तराखंड में CM धामी की सख्ती के बाद एक्शन मोड में आए अधिकारी, कहा- ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का 24 घंटे अभियान
उत्तराखंड की सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ लगा रहे ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों पर अब नकेल कसी जाएगी। दरअसल, बीते शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर स्थित रुद्रपुर में आयोजित कार्निवल में शिरकत की। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी रात को खटीमा रवाना हो गए और अपने आवास पर रात्रिविश्राम किया। वहीं रविवार सुबह उन्होंने अपने आवास पर जिले के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात कर सड़क सुरक्षा नियमों के कड़े अनुपालन को लेकर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जिले में धड़ल्ले से ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।
CM धामी के निर्देश से 24×7 चेकिंग शुरु
वहीं निर्देशों के अनुपालन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से हरकत में आ चुका है, इस क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने तत्काल रुप से रोड मैप तैयार करा कर, सभी क्षेत्राधिकारियों, कोतवाल व थानाध्यक्षों को लाइन पर लेकर उन स्थलों को चिन्हित करने के आदेश दिए जहां से सर्वाधिक ओवरलोड, ओवरस्पीड वाहन गुजरते हैं। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश जारी कर कहा कि ओवरलोड, तेज रफ्तार, ड्रिकिंग ड्राइविंग और अनफिट डंपरों के खिलाफ तत्काल अभियान शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों के कड़े अनुपालन के लिए हर हाल में 24 घंटों की निगरानी लाजमी है। इसके अतिरिक्त ग्रुप बनाकर उस पर हर रोज अपडेट भेजना अनिवार्य किया गया है। SSP अयज गणपति ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान अगर किसी भी चिह्नित क्षेत्र में ओवरलोड, ओवरस्पीड वाहन, ड्रिंक ड्राइविंग से कोई दुर्घटना होती है तो इसके जिम्मेदार संबंधित थाना क्षेत्र के प्रमुख व क्षेत्राधिकारी होंगे।


