हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित होने वाले भव्य कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का बड़ा आवंटन स्वीकृत किया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, राज्य को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं और चावल जारी किया गया है।
केंद्र के इस महत्वपूर्ण फैसले के तहत उत्तराखंड को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं तथा 4,978.073 मीट्रिक टन चावल प्रदान किया गया है। भारत सरकार के नियमों के अनुसार कुंभ जैसे देश के विशाल आयोजनों के लिए राज्यों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उनके वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त कोटा देने का प्रावधान है।
कुंभ मेले में जुटने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की खाद्यान्न आवश्यकताओं को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त राशन की मांग की थी। राज्य सरकार के इस प्रस्ताव पर त्वरित निर्णय लेते हुए केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने गेहूं और चावल के 8,029 मीट्रिक टन के इस अतिरिक्त कोटे को तत्काल मंजूरी दे दी है।
अतिरिक्त खाद्यान्न की मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र का यह सहयोग कुंभ मेले के सुव्यवस्थित आयोजन में बेहद मददगार साबित होगा और सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सभी बुनियादी इंतजाम समय पर पूरा कर रही है।
सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि कुंभ क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राशन आपूर्ति और भंडारण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण प्रणाली और मेले से जुड़ी तैयारियों को तय समय-सीमा के भीतर अंतिम रूप दिया जाए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने केंद्र से मिले इस अतिरिक्त राशन के भंडारण और वितरण की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। प्रशासन का मुख्य फोकस है कि मेले के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली और राहत शिविरों में खाद्यान्न की निर्बाध उपलब्धता बनी रहे।

