देहरादून/नैनीताल। नए साल के अवसर पर अवैध शराब की तस्करी, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 25 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जनपद देहरादून के मसूरी क्षेत्र के प्रवेश द्वारों तथा जनपद नैनीताल के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।आदेश में कहा गया है कि वर्ष के अंत और पर्यटक सीजन को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध शराब की आवाजाही की आशंका बढ़ जाती है। इसी के मद्देनज़र आबकारी विभाग द्वारा कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल, उप आबकारी आयुक्त नैनीताल एवं ऊधमसिंहनगर परिक्षेत्र, सहायक आबकारी आयुक्त मंडलीय एवं जनपदीय प्रवर्तन दल नैनीताल/ऊधमसिंहनगर को जनपद नैनीताल के प्रवेश मार्ग, कालाढूंगी क्षेत्र तथा सभी चेक पोस्टों पर तैनात किया गया है।
वहीं गढ़वाल मंडल में संयुक्त आबकारी आयुक्त गढ़वाल मंडल, उप आबकारी आयुक्त देहरादून एवं हरिद्वार परिक्षेत्र, सहायक आबकारी आयुक्त मंडलीय एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून/हरिद्वार को मसूरी के प्रवेश क्षेत्र कोलूखेत सहित देहरादून और हरिद्वार के सभी चेक पोस्टों पर सघन निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
आबकारी आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। साथ ही प्रतिदिन की कार्रवाई और प्रगति की रिपोर्ट मुख्यालय, देहरादून को उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेश का तत्काल प्रभाव से कड़ाई से अनुपालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


