देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 मार्च की सुबह उस वक्त हुई जब दो गाड़ियों,स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के बीच पीछा करते हुए फायरिंग हुई। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में सामने आया कि एक दिन पहले कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में बिल को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जो अगले दिन हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जिनके पास से हथियार भी बरामद हुए थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


