मुख्यमंत्री धामी ने किया शारदा रिवर फ्रंट का शिलान्यास,खिचड़ी महोत्सव में लिया हिस्सा

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत चंपावत पहुंचे, जहां उन्होंने जिले में समग्र विकास हेतु ₹300 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शारदा रिवर फ्रंट (शारदा कॉरिडोर) परियोजना क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का आधार बनेगी और चम्पावत को पर्यटन, आस्था तथा आधुनिक शहरी सुविधाओं के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से शिक्षा, सड़क, पर्यटन, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  जहरीली बोतल या साजिश ? खटीमा में भाजपा नेता की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इससे सीमांत क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने टनकपुर शारदा घाट में आयोजित पारंपरिक माघ खिचड़ी भोज कार्यक्रम में सहभाग किया और प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया तथा स्थानीय नागरिकों के साथ बैठकर माघ खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ कुमाऊँ की प्राचीन लोक परंपरा “खड़ी होली” में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में घेरा बनाकर खड़े होकर कुमाऊँनी लोकगीत गाए, जिनमें मुख्यमंत्री ने भी गायकों के साथ स्वर से स्वर मिलाया।