उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने 147 करोड़ 28.56 लाख की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 74 करोड 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास से नैनीताल जिले को विकास की नई रफ्तार मिलेगी, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित उत्तराखंड बनाने की ओर तीव्रता से कार्य कर रही है। राज्य प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
147 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में विकास और विरासत संरक्षण पर जोर देते हुए 23 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिसमें शिप्रा नदी पर 30 मीटर मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग व महादेवपुरम नलकूप, महिला महाविद्यालय लैब, लालकुआं नलकूप स्टैबलाइजर और जलजीवन मिशन की 14 पेयजल योजनाएं (हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल आदि) शामिल हैं, साथ ही रामगढ़ पशु चिकित्सालय भवन भी जनता को सौंपा। इनसे स्थानीय लोगों को पानी, सिंचाई व शिक्षा में बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 16 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया, जैसे कसियालेख-धारी मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी सड़कें, नैनीताल भवन, नशा मुक्ति केंद्र, नवाबी रोड सीवरेज, 28 एमएलडी एसटीपी व चांदनी चौक मार्ग सुधार। 154.43 करोड़ की हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा सरकार विकास के साथ संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। यह प्रयास ग्रामीण-शहरी विकास को गति देंगे।


