उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए हैं कि इस बार चारधाम आने वाले सभी तीर्थयात्रियों को डस्टबिन बैग और फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखना और आपातकालीन स्थिति में यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करना है। इसके साथ ही, केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है कि सिरसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर का किराया पिछले वर्ष की तुलना में कम कर दिया गया है। परिवहन मंत्री ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा के लिए एआई (AI) और आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए।
तकनीक से सुधरेगी व्यवस्था: QR कोड से भुगतान और ब्लैक स्पॉट मैपिंग
परिवहन विभाग अब चालान भुगतान को सरल बनाने के लिए QR कोड और UPI जैसी तकनीक अपनाएगा, जिससे लंबित मामलों का निपटारा तुरंत हो सके। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्य मार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की वैज्ञानिक मैपिंग की जाएगी और समयबद्ध तरीके से उनमें सुधार किया जाएगा। राज्य के बॉर्डर चेकपोस्ट को भी आधुनिक बनाया जाएगा, जहाँ यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष, इंटरनेट और पानी जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएंगी।
दुर्गम मार्गों पर बेहतर बस और टैम्पो ट्रैवलर सेवा
मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर यात्रियों के लिए रियायती दरों पर टैम्पो ट्रैवलर चलाए जाएं। साथ ही, अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए बेहतर एसी बसों के संचालन की योजना भी तैयार की जा रही है। विभाग की परिसंपत्तियों का व्यावसायिक उपयोग कर आय के नए स्रोत सृजित करने के लिए एक महीने के भीतर कार्ययोजना मांगी गई है।

