महासू देवता मंदिर में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने की पूजा: PM मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर मांगी दीर्घायु की मन्नत

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने आज जौनसार-बावर के प्रसिद्ध और अपने कुलदेवता श्री महासू महाराज के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे और सफल कार्यकाल के लिए प्रार्थना की। लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित पीएम मोदी द्वारा देश के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में निरंतर सबसे अधिक समय तक कार्य करने का एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने की खुशी में कैबिनेट मंत्री ने यह धार्मिक अनुष्ठान किया।

यह भी पढ़ें -  मुख्यमंत्री धामी ने 221 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा-'अब सिफारिश और पैरवी का दौर खत्म'

मंदिर में शीश नवाकर उन्होंने भगवान महासू से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चिरायु, सदैव निरोग और स्वस्थ रहने की मंगल कामना की और इस गौरवपूर्ण अवसर पर समस्त क्षेत्रवासियों व करोड़ों देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें -  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देहरादून दौरा आज, घर से निकलने से पहले देख लें पुलिस का पूरा रूट प्लान

इस पावन अवसर पर मीडिया से बात करते हुए खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के करोड़ों नागरिकों के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत बन चुके हैं, जिनके कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने नित नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होते हुए वैश्विक पटल पर कई ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि पीएम मोदी ने सर्वोपरि राष्ट्रहित, सुशासन और गरीब-कल्याण की नीतियों के प्रति खुद को एक सच्चे सेवक के रूप में समर्पित किया है, जिससे देश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का मान-सम्मान एक नए शिखर पर पहुंचा है।