उत्तराखंड की ग्रीष्म कालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में 9 से 13 मार्च तक सत्र होने जा रहा है। वहीं पक्ष-विपक्ष के साथ प्रदेश की जनता को भी विधानसभा सत्र का खासा इंतजार है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार सदन में विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने और जन मुद्दों पर बात करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में एक भी ऐसा सोमवार नहीं आया जिसमें प्रश्नकाल आयोजित किया गया हो, क्योंकि, सदन में जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री का सोमवार का दिन तय है।
विपक्ष का सत्र को लेकर सराकर पर तीखा वार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सत्ताधारी भाजपा पर तीखा वार करते हुए कहा कि सरकार ने विधानसभा सत्र के लिए मात्र पांच दिन का समय ही निर्धारित किया है। कांग्रेस विधायकों की मांग है कि सत्र कम से कम एक माह तक चलना चाहिए। इससे 70 विधायकों को अपने क्षेत्र के मुद्दों को सदन में रखने का मौका मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में प्रश्नकाल केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। सदन में पूछे गए प्रश्नों के माध्यम से ही सरकार की नीतियों, निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। यदि सरकार संवाद से दूर भागेगी, तो जनता के मन में अविश्वास की भावना बढ़ेगी। कांग्रेस पार्टी सदन के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।


