Mp जहरीली शराब कांड के बाद उत्तराखंड में आबकारी महकमा अलर्ट, ऊधमसिंह नगर से हरिद्वार तक ताबड़तोड़ कार्रवाई…

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब कांड के बाद हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं। इस घटना ने अवैध और कच्ची शराब के खिलाफ चलने वाले अभियानों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सागर की घटना के बाद उत्तराखंड आबकारी महकमा भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के निर्देशों में प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान को तेज किया गया है।

इसी क्रम में गुरुवार को ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपद में आबकारी विभाग की टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए हजारों किलोग्राम लहन नष्ट किया और बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई का मकसद अवैध शराब के निर्माण और उसकी सप्लाई की जड़ पर प्रहार करना बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून नगर निगम का कड़ा रुख: सफाई और डेंगू रोकथाम में लापरवाही पर अफसरों पर होगी कार्रवाई,

ऊधमसिंह नगर में चार भट्ठियां ध्वस्त, 11 हजार किलो लहन नष्ट

ऊधमसिंह नगर में क्षेत्र-3 काशीपुर, क्षेत्र-4 बाजपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। ग्राम कलियावाला, जसपुर में कार्रवाई के दौरान सुरेन्द्र सिंह पुत्र जीत सिंह के कब्जे से 9 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं चरण सिंह उर्फ चिंटू पुत्र गुरदीप सिंह के कच्ची शराब पैकिंग अड्डे पर दबिश देकर करीब 225 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

इसके बाद ग्राम बरखेड़ी, काशीपुर में टीम ने अवैध कच्ची शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मौके पर चल रही चार भट्ठियों को नष्ट किया गया और करीब 11,000 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यहां से लगभग 155 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई।

यह भी पढ़ें -  रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में 48.84 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक राज्य अतिथि गृह, NGT के कड़े मानकों का होगा पालन

वहीं ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। सभी मामलों में संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किए गए हैं।

हरिद्वार में भी 750 किलो लहन नष्ट

हरिद्वार में भी आबकारी आयुक्त के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बिंजोला के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। क्षेत्र-1 हरिद्वार की टीम ने आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में सहदेवपुर के नाले के किनारे दबिश दी। यहां तीन ड्रमों में तैयार किया जा रहा लगभग 750 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। मौके से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जिसके संबंध में अभियोग दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: बाजपुर में 10वीं की छात्रा से गैंगरेप, ब्लैकमेल कर वसूले रुपये

आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से साफ है कि विभाग अवैध शराब के निर्माण और तस्करी को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। खासतौर पर जहरीली शराब से होने वाली घटनाओं को देखते हुए कच्ची शराब के ठिकानों पर शुरुआती स्तर पर ही कार्रवाई करने की रणनीति अपनाई जा रही है। उत्तराखंड में पूर्व में अवैध और जहरीली शराब से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में सागर की घटना के बाद आबकारी महकमे की सक्रियता को एहतियाती कदम के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विशेष प्रवर्तन अभियान का दायरा किस स्तर तक बढ़ता है और अवैध शराब के नेटवर्क पर विभाग कितनी प्रभावी चोट करता है। हालांकि इस पर पुलिस का ढीला रवैया भी सवालों के घेरे में है।।