धर्मपुर विधानसभा की बदहाल सड़कों और सीवर की समस्या को लेकर महिला कांग्रेस का घेराव

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने रविवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, टूटी नालियों और ओवरफ्लो हो रहे सीवर की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, कारगी कबाड़ी बाजार धर्मपुर का घेराव किया और कार्यालय में तालाबंदी कर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

महिला कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि धर्मपुर क्षेत्र की हालत लगातार खराब होती जा रही है। ब्राह्मणवाला, दून यूनिवर्सिटी मार्ग, बंजारावाला, मथुरावाला, केदारपुर, दीपनगर और आईएसबीटी की आंतरिक सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन का जीवन संकट में है। वहीं, टूटी नालियों और ओवरफ्लो सीवर से जलभराव, गंदगी और बदबू ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है।

यह भी पढ़ें -  सत्र समाप्ति के बाद भी गैरसैंण में डटे रहे सीएम, सहज और आत्मीय संवाद स्थानीय लोगों के बीच बना चर्चा का विषय...

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के स्थानीय विधायक ने विधानसभा की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां काम हुआ भी है, वह गुणवत्ता विहीन है। यह केवल विकास की विफलता नहीं बल्कि जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई नहीं की, तो महिला कांग्रेस जनहित में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

यह भी पढ़ें -  प्रमोशन के बाद मन चाहे मेडिकल कॉलेज में मिल सकती है कई प्राचार्यों को नियुक्ति, सुगम दुर्गम व्यवस्था को दिखाया जा सकता है ठेंगा ?

महिला कांग्रेस ने विभाग से चार प्रमुख मांगें रखीं—क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए, नालियों की सफाई और पुनर्निर्माण हो, ओवरफ्लो सीवर की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और नियमित निरीक्षण व रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं को नजरअंदाज किया गया तो वे क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेंगी। उन्होंने कहा कि सड़क और सीवर की समस्या केवल सुविधा से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी सवाल है।

यह भी पढ़ें -  गिरफ्तारी की मांग.... प्रेमनगर इलाके में दिनदहाड़े हमला, युवक व उसका साथी गंभीर रूप से घायल,

प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव पुष्पा पंवार, महासचिव सुशीला शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री सहित कार्यकर्ता नवीन छेत्री, आदर्श, बबलू पंवार, आलोक मेहता, लीला रावत, मोहन गुरुंग, पुनीत चौधरी, शाहिद जमाल अहमद और तेग बहादुर समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस प्रदर्शन से साफ संदेश गया कि महिला कांग्रेस धर्मपुर की जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है।