उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में पांच दिवसीय बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सोमवार को सरकार ने बजट पेश किया था, मंगलवार को चार अध्यादेश और 11 विधेयक लाए गए। आज विधानसभा में बजट पर चर्चा और कई विधेयकों पर मुहर लगने की प्रक्रिया जारी है। बहरहाल, प्रश्नकाल में विधायकों के सवालों से सदन गरमा चुका है, सत्तापक्ष और विपक्ष के मध्य प्रश्नकाल के दौरान तीखी जुबानी बहस भी देखने को मिल रही है। कल नियम 58 पर चर्चा के दौरान हंगामा हुआ था, विपक्ष ने सड़कों पर भी प्रदर्शन किया। सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण रहा।
विशेषाधिकार हंगामा, कांग्रेस प्रीतम सिंह का बड़ा आरोप
उत्तराखंड विधानसभा सत्र में विशेषाधिकार का मामला एक बार फिर गरमा चुका है। इस क्रम में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं काजी निजामुद्दीन ने सरकार पर सदन न चलाने का आरोप लगाया और राज्यपाल अभिभाषण व बजट चर्चा न करने का हवाला भी दिया। इसके अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। बसपा विधायक शहजाद ने बिजली बिल सरचार्ज व स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाया। बोले, बिजली विभाग गरीबों को परेशान कर रहा, उनके कनेक्शन काटे जा रहे, लेकिन बड़ी फैक्टरियों के नहीं। सरचार्ज माफ हो। सदन में हंगामा जारी रहा, विपक्ष ने जोरदार विरोध किया। यह सत्र राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ा रहा है। सदन की कार्यवाही अभी जारी है, गौरतलब है कि अहम विधेयकों में चर्चा के दौरान सदन का महौल और अधिक गरमाने के पूरे-पूरे आसार हैं।

