उत्तराखंड के चंपावत जिले में पर्यटन विस्तार के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यत तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। इस क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ अवसर पर घोषणा की कि मां पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़कर एक विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल मात्र पूर्णागिरि धाम की यात्रा को अधिक सुविधापूर्ण बनाना ही नहीं बल्कि पूरे जिले में पर्यटन विस्तार करना भी है। सरकार प्रदेश भर में मंदिरों के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस कड़ी में पूर्णागिरि मंदिर तक पुल निर्माण, रोपवे निर्माण वहीं , पंचेश्वर क्षेत्र में प्रस्तावित हेलीपैड, मल्टी-लेवल पार्किंग और परिवहन सुविधाओं के विस्तार जैसे कार्य इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बेहतर सड़क संपर्क, संचार व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस परियोजना का लक्ष्य पूर्णागिरि मेले को वर्षभर संचालित करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देना है। सरकार का उद्देश्य चंपावत को धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।


