सूबे के मुख्यमत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कर दिया है कि चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या तय नहीं की जाएगी। सरकार तीर्थयात्रियों की तादाद को लेकर कोई नियम कायदा नही बनाना चाहती है। जो भी आस्थावान श्रद्धालु देवदर्शन करना चाहता है उसका देवभूमि में स्वागत है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय के उनके सहयोगी कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ऐतिहासिक करार दिया है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उन्हें शुक्रिया भी अदा किया है। सौरभ ने अपने फेसबुक वॉल पर सीएम धामी को गुलदस्ता देते हुए तस्वीर साझा की और लिखा है कि, उन्होने मुख्यमंत्री से इसकी गुजारिश की थी कि तीर्थयात्रियों की संख्या तय न की जाए।

वहीं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा इस निर्णय के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री का हृदय से आभारी हूं। मुख्यमंत्री का निर्णय आस्था का सम्मान है। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लिखा कि सीएम का निर्णय न केवल आस्था का सम्मान है बल्कि हमारे गढ़वाल की आर्थिकी और स्थानीय पर्यटन के लिए संजीवनी के समान है।
इस निर्णय से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित पूरे गढ़वाल क्षेत्र के व्यापारियों, होटल स्वामियों और स्थानीय निवासियों के चेहरों पर मुस्कान आई है। साथ ही सौरभ बहगुणा ने लिखा हमारी सरकार ‘सुरक्षित यात्रा-सुगम यात्रा’ के संकल्प के साथ देश-दुनिया से आने वाले हर श्रद्धालु के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। आइए, हम सब मिलकर इस यात्रा को भव्य और दिव्य बनाएं।

