देहरादून। लंबे इंतजार और सियासी चर्चाओं के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी टीम पूरी कर ली है। कैबिनेट विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए आज राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विधायक खजानदास, भरत चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही धामी मंत्रिमंडल का कोरम भी पूरा हो गया, जिसे लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था।
दरअसल, बीते कुछ समय से मंत्रिमंडल में खाली पदों को लेकर सरकार निशाने पर थी। विपक्ष का आरोप था कि अधूरी कैबिनेट के कारण प्रशासनिक फैसलों पर असर पड़ रहा है। हालांकि, अब इस विस्तार के बाद सरकार ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह पूरी तरह से संगठित और तैयार है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश भी साफ नजर आती है। जिन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, वे संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं, जिससे आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी के लिए यह कैबिनेट विस्तार कई मायनों में अहम माना जा रहा है। एक ओर जहां इससे सरकार की कार्यक्षमता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी गया है कि नेतृत्व अब पूरी तरह से अपने अगले राजनीतिक एजेंडे पर फोकस कर चुका है।
गौरतलब है कि “समाचार 4U” ने पहले ही इस संभावित विस्तार को लेकर संकेत दिए थे, जिस पर अब मुहर लग गई है। इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि सरकार के भीतर चल रही तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी थीं और सही समय का इंतजार किया जा रहा था।
अब कैबिनेट के पूर्ण होने के बाद सरकार से विकास कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद की जा रही है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए मंत्री अपने-अपने विभागों में किस तरह काम करते हैं और जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।
फिलहाल, इस विस्तार के साथ ही उत्तराखंड की सियासत में एक नया अध्याय शुरू हो गया है, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पूरी टीम के साथ सरकार अब अगले कदम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।
शपथ के साथ पूरी हुई टीम—अब धामी सरकार फुल एक्शन मोड में!”
ADVERTISEMENTS

