सिल्वर सिटी हत्याकांड के बाद पुलिस का सख्त रुख, बड़ा एक्शन संभव.. इस बार हो सकता है कुछ अलग..

ख़बर शेयर करें


देहरादून। राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल क्षेत्र में आज तड़के हुई सनसनीखेज हत्या के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, लगातार कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब राज्य पुलिस बड़ा और सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इस बार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का तरीका पहले से अधिक कड़ा हो सकता है।उच्च स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने जनपद पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि अपराधियों को स्पष्ट संदेश देने की रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि राजधानी में पुलिस का इकबाल दोबारा मजबूत हो सके।
सूत्रों का कहना है कि अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि कानून का डर दोबारा स्थापित हो और अपराध करने से पहले ही असामाजिक तत्व कई बार सोचने को मजबूर हों। हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा की है, जिसे दूर करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि प्रभावी और त्वरित कार्रवाई से ही अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। आने वाले दिनों में विशेष अभियान चलाकर बदमाशों और वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस का यह संभावित बड़ा एक्शन राजधानी में कानून व्यवस्था को किस हद तक पटरी पर ला पाता है। सूत्रों की माने तो इस बार गोली पैर पर नहीं बल्कि शरीर के किसी दूसरे अंग पर भी लग सकती है।।