सर! आप कह रहे हैं पेनिक होने की जरूरत नहीं है। एलपीजी पर्याप्त है। कोई टेंशन नहीं लेकिन गांव देहात में हालात बुरे हैं। देहरादून जिले के रानीपोखरी क्षेत्र में आम उपभोक्ता परेशान है। ग्राम प्रधानों से गुजारिश की जा रही है कि, गैस की गाड़ियों को मोहल्ले में भिजवाओ या वार्ड में भिजवाओ। लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। आम आदमी की गुहार नक्कारखाने में तूती की तरह हो गई है। जनता परेशान है, कभी सोचा भी नहीं था कि मॉडयूलर किचन से बाहक आंगन में खाना बनाना पड़ेगा। खाना पकाने के लिए वैकल्पिक साधनों की तलाश में दर-दर भटकना पड़ेगा। लेकिन ऐसा हो रहा है जिन गैस एजेंसियों को जनता की तकलीफ दूर करने का फरमान जारी किया गया है उनके कारिंदे आजकल खुद को भगवान समझ बैठे हैं।
उपभोक्ता का फोन उठाना उन्हें अपनी तोहीन लग रहा है जबकि एजेंसी जाओ तो हड़का रहे हैं। सर ऐसे कैसे चलेगा नए भारत में तो आम आदमी बस लाइनों में ही लग रहा है। कभी किसी की तो कभी किसी की। आप कह रहे हो किल्लत नहीं है सब्र से काम लो जबकि गैस बांटने वालों का रवैया ऐसा ही कि आदमी अधीर हुआ जा रहा है। आलम ये है कि गैस बुक है इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन पैसे तैयार रखने का मैसेज भेज चुका है। लेकिन एजेंसी वाले हैं कि मोहल्ले में गैस सिलेंडर की डिलीवरी को तैयार नहीं हैं। रानीपोखरी न्याय पंचायत के मौजा रानीपोखरी के हाल तो बद से बदत्तर होते जा रहे हैं।
हाट के पीछे वाली गैस एजेंसी फोन का रिस्पांस नहीं कर रही है। दिन तय कर दिए गए हैं लेकिन आंखें पथरा जा रही हैं लेकिन गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बता रहे हैं कि जिस गैस की गाड़ी को बीते शुक्रवार मौजा रानीपोखरी के घेला वाली रोड़ पर गैस वितरित करनी थी उसे बेसब्र लोगों ने रैनापुर चौक पर ही जबरन रोक दिया। कारिंदे समर्पण की मुद्रा में आ गए मजबूरी थी, क्योंकि सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं। नही देते तो क्या पता कोई अनहोनी हो जाती तो कौन जिम्मेदार होता। ये बात इसलिए आपके संज्ञान में लाई जा रही है ताकि बेसब्र तबका माहौल को पेनिक न बनाए और धैर्यवान तबके के सब्र का इम्तिहान न हो। महोदय जरूरी है कि एजेंसी वालों को फोन उठाने के आदेश जारी किए जाएं ताकि गुड़ न मिले कम से कम गुड़ जैसी बात भरोसा तो दिला सके, कि अच्छे दिन आएंगे।
दूसरा गैस सिलेंडर पुलिस सुरक्षा में बंटवाई जाए ताकि जिस मोहल्ले के लिए जो दिन तय है वहां के जरूरतमंद अपने हिस्से की एलपीजी आसानी से ले सकें और सबका मान सम्मान बना रहे साथ ही साथ संकट की इस घड़ी में आपका इकबाल बुलंद रहे। आपको अगर इस खबर पर यकीन न हो तो अपने सपोर्टिंग स्टॉफ से 9410369049 नंबर पर कॉल करवाइए उपभोक्ता बताएगा कि कैसे गैस एजेंसी ने उसे पिछले बुधवार को टरकाया और उसके बाद कभी भी उसका फोन नहीं उठाया। परेशानी की पुष्टि करनी है तो आप मौजा रानीपोखरी के प्रधान से पूछ सकते हैं कि शिवालिक नगर समिति के व्हाट्सप ग्रुप में उपभोक्ताओं ने आज गुरुवार को क्या गुहार लगाई है। कहा है, “प्रधान जी गैस मुहल्ले में पहले की तरह बंटवाने की कृपा करें वरना पीपल वाले चौक से आगे गाड़ी नहीं आने देंगे।” सर अभी आप पर भरोसा है उसे टूटने मत देना!

