केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्रालय के मंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय कार्यक्रम के सिलसिले में हरिद्वार पहुंच रहे हैं। अपने इस छोटे से दौरे के दौरान वे जनसभा को संबोधित करेंगे और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने भी उनके सफर और कार्यक्रमों का मिनट-दर-मिनट शेड्ययर जारी कर दिया है। अमित शाह शनिवार दोपहर 12:15 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे से रवाना होंगे और 12:30 बजे गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे बैरागी कैंप पहुंचेंगे जहां दोपहर 12:40 से 1:55 बजे तक वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 2:30 तक का समय आरक्षित रखा गया है।
दोपहर 2:30 से 3 बजे तक वे बैरागी कैंप में नई न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और उसका अवलोकन करेंगे। इसके बाद 3 बजे से 3:30 तक उत्तराखंड सरकार की विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। शाम 3:30 बजे वे बैरागी कैंप से रवाना होकर 3:40 बजे हरिद्वार स्थित गोडविन होटल पहुंचेंगे जहां 3:40 से 4:40 बजे तक एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे। बैठक के बाद शाम 4:45 बजे वे हरिद्वार से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। इस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री न केवल जनसभा को संबोधित करेंगे बल्कि राज्य सरकार की विकास प्रगति और नई न्याय संहिता पर केंद्रित प्रदर्शियों का उद्घाटन भी करेंगे। यह दौरा उत्तराखंड के विकास और कानून व्यवस्था सुधारों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

