देहरादून, 24 मई 2025। उत्तराखण्ड सूचना कर्मचारी संघ (मुख्यालय) की वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी के लिए चुनाव संपन्न हो गए हैं। यह चुनाव सूचना विभाग के उप निदेशक मनोज कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुए, जो इस चुनाव में चुनाव अधिकारी के रूप में नियुक्त थे। उनके साथ सहायक चुनाव अधिकारी विजय कुमार और रामसिंह परजोली ने भी चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
चुनाव के परिणामों की घोषणा करते हुए मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अध्यक्ष पद पर कैलाश रावत को 52 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मनोज शुक्ला को 17 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर संयुक्त रूप से प्रशांत रावत और संजय कुमार को बराबर 34-34 मत मिले। महामंत्री पद के लिए अंकित कुमार ने 51 मतों से जीत दर्ज की, जबकि चेतन पाण्डेय को 18 मत प्राप्त हुए। संगठन मंत्री के रूप में सत्येन्द्र बिजल्वाण ने 45 मतों से विजय प्राप्त की, उनके सामने नरेंद्र सिंह सजवाण को 24 मत मिले।
संघ की कार्यकारिणी में कई पदों पर निर्विरोध चयन हुआ। इनमें संयुक्त मंत्री पारूल, कोशाध्यक्ष राकेश कुमार धीवान, संयोजक/ऑडिटर अरुण कुमार, प्रचार मंत्री बहादुर सिंह कन्याल तथा कार्यकारिणी सदस्य बालम सिंह नगरकोटी शामिल हैं।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष कैलाश रावत ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी विभागीय कार्मिकों की समस्याओं को लेकर उच्चाधिकारियों से संवाद करेगी और जल्द ही एक मांगपत्र तैयार कर विभाग को सौंपा जाएगा। उन्होंने विभाग के शीघ्र पुनर्गठन की मांग भी दोहराई।
महामंत्री अंकित कुमार ने कहा कि विभागीय हित में एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे जनपद स्तर के कार्यालयों का ढांचा मजबूत हो सके। उन्होंने सभी सहयोगी कर्मचारियों को समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद दिया। नई कार्यकारिणी ने सभी कार्मिकों को साथ लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया है।
