खबर कम, हल्ला ज्यादा! अफसरों का सोशल मीडिया ग्रुप से लेफ्ट करना बना चर्चाओं का विषय…

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून में इन दिनों अधिकारियों के बीच एक नई चर्चा जोर पकड़ रही है। अचानक एक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारियों का सोशल मीडिया के एक खास ग्रुप को छोड़ना सिस्टम से लेकर सचिवालय तक चर्चाओं का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से सोशल मीडिया ग्रुप विभिन्न खबरों, अंदरूनी चर्चाओं और कई बार अपुष्ट जानकारियों व अफवाहों का केंद्र बनाते है , जिससे प्रशासनिक हलकों में असहजता बढ़ रही थी।
सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया के ग्रुपों के जरिए न केवल राजनीतिक व विभागीय गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं साझा की जाती थीं, बल्कि कई बार संवेदनशील मामलों पर भी खुलकर चर्चा होने लगी थी। कुछ पोस्ट और संदेश ऐसे भी बताए जा रहे हैं जिनका आधिकारिक तथ्यों से कोई सीधा संबंध नहीं था, लेकिन उनका असर अधिकारियों की कार्यप्रणाली और विभागीय छवि पर पड़ रहा था। यही वजह रही कि उच्च स्तर पर भी ऐसे अनौपचारिक डिजिटल मंचों से दूरी बनाए रखने के संकेत दिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि आज जैसे ही कुछ अधिकारियों ने ग्रुप छोड़ा, उसके बाद यह सिलसिला तेजी से बढ़ता चला गया। कई अधिकारियों ने बिना किसी टिप्पणी के ग्रुप से बाहर निकलना ही बेहतर समझा। प्रशासनिक गलियारों में इसे “डिजिटल अनुशासन” से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां अब अधिकारी सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक किसी अधिकारी की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। लेकिन अंदरखाने यह माना जा रहा है कि आने वाले समय में अधिकारी सोशल मीडिया के ऐसे ग्रुपों से और दूरी बना सकते हैं। माना जा रहा है कि यह कदम अफवाहों पर लगाम लगाने और प्रशासनिक कामकाज को अनावश्यक चर्चाओं से दूर रखने की दिशा में एक संकेत है।