देहरादून में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने आज विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में शुभ मुहूर्त में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने हवन-पूजन कर कार्य की शुरुआत की और विभागीय अधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ है और पिछड़े व वंचित वर्ग का कल्याण उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
पदभार संभालने के बाद खजान दास ने स्पष्ट किया कि पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 140 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति सीधे खातों में ट्रांसफर किए जाने को पारदर्शिता का उदाहरण बताया। साथ ही अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

