देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) सेंटर की शुरुआत की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए पांचवीं मंजिल पर स्थान भी तय कर लिया है। इस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल के कामकाज को डिजिटल बनाना है, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान लंबी कतारों और कागजी कार्रवाई से राहत मिलेगी।
डिजिटल होंगे अस्पताल के मुख्य विभाग
अस्पताल में बिलिंग, ओपीडी , आईपीडी , एडमिशन और डिस्चार्ज जैसे जरूरी काम पहले ही डिजिटल किए जा चुके हैं। अब इसी कड़ी में ओटी और एमआरडी (मेडिकल रिकॉर्ड डिपार्टमेंट) मॉड्यूल को भी ऑनलाइन जोड़ा जा रहा है। इससे ऑपरेशन और मरीजों के पुराने रिकॉर्ड्स का प्रबंधन करना बहुत आसान हो जाएगा।
मरीजों को मिलेगा सीधा फायदा
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन के अनुसार, इस सेंटर के शुरू होने से मरीजों का सारा स्वास्थ्य डेटा एक ही जगह सुरक्षित और ऑनलाइन रहेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि डॉक्टर एक क्लिक पर मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री देख सकेंगे, जिससे इलाज की प्रक्रिया तेज और सटीक होगी। सभी डेटा को व्यवस्थित करने के लिए एचआईएमएस सेंटर में ही एकत्रित किया जाएगा।

