हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिला

ख़बर शेयर करें


देहरादून।
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून को नया कुलपति नियुक्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय अधिनियम 2014 एवं संशोधित अधिनियम 2020 के तहत राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने डॉ. भानु दुगल को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में राजभवन की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार डॉ. भानु दुगल वर्तमान में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश में कार्डियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर एवं हेड के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर आगामी पांच वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो भी पहले हो) विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्त किया गया है।
राजभवन द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि कुलपति चयन समिति द्वारा प्रस्तुत पैनल के आधार पर यह नियुक्ति की गई है। इससे पूर्व जारी आदेश संख्या 27778 दिनांक 17 जनवरी 2026 को अधिस्थगित करते हुए यह नई नियुक्ति की गई है।
नए कुलपति की नियुक्ति के बाद चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि डॉ. भानु दुगल के अनुभव और नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।