दिनदहाड़े लूट, मोबाइल मांगकर झपटे मंगलसूत्र, रेडियोलॉजिस्ट और मेडिकल छात्रा गिरफ्तार
पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र जौलजीबी में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पिथौरागढ़ के जौलजीबी कोतवाली क्षेत्र में एक महिला से मोबाइल मांगने के बहाने उसके गले से दो मंगलसूत्र झपट लिए गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में एक रेडियोलॉजिस्ट और हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज की छात्रा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार तोली गांव निवासी ममता देवी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जौलजीबी-मदकोट रोड से पैदल अपने खेत की ओर जा रही थीं। रास्ते में लाल रंग की बाइक पर सवार एक युवक और युवती उनके पास पहुंचे। दोनों ने बातचीत के दौरान फोन करने के बहाने महिला से मोबाइल मांगा। ममता देवी के मुताबिक, युवक-युवती ने कुछ देर तक सामान्य बातचीत की, जिससे उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। अचानक मौका पाकर उन्होंने महिला के गले में पहने दो मंगलसूत्र झपट लिए और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन सड़क सुनसान होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद पीड़िता ने जौलजीबी कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जौलजीबी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान लाल रंग की बाइक संदिग्ध रूप से चिह्नित हुई।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस टीम ने गोरी नदी के पुल के पास संदिग्ध लाल बाइक को आते देखा और उसे रोक लिया। बाइक पर सवार युवक-युवती से पूछताछ की गई। संदेह गहराने पर पुलिस ने पीड़िता को मौके पर बुलाया, जिसने दोनों की पहचान कर ली। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली और उनके पास से लूटे गए मंगलसूत्र व मोबाइल बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने दिल्ली के ज्वालापुरी, पश्चिमी विहार निवासी 25 वर्षीय सन्नी सिंह और पिथौरागढ़ के चिफलतरा तोली, हाल निवास निलियम कॉलोनी हल्द्वानी निवासी 23 वर्षीय हिमानी बोरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


