नैनीताल शहर के समीपवर्ती गेठिया क्षेत्र में आज शनिवार को एक और सड़क हादसा हो गया। दरअसल, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी अपने दोस्त अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ शनिवार को घूमने के लिए अपने वाहन संख्या यूपी78एसजे 4936 से जागेश्वर जा रहे थे। हल्द्वानी से ऊपर उनका वाहन गेठिया क्षेत्र में पहुंचा ही था कि अचानक नियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन गिरने की तेज आवाज सुन ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद तल्लीताल थाना एसआई सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
इस बीच दमकल और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त वाहन के नीचे दबे पर्यटकों को किसी तरह बाहर निकल गया। जिसमें से पीताम्बर नगर उन्नाव निवासी अंकित चौधरी और अभिराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे में अतुल दूबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवाया जाएगा।

