रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के उपलक्ष में देवभूमि उत्तराखंड स्थित हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उस समय गौरवान्वित हुए जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने भारत माता के जय घोष के साथ उनका स्वागत किया। प्रत्युत्तर में गौरव से परिपूर्ण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी चयनित अग्निवीरो से कहा कि “भारत मां की रक्षा के लिए आ रहे आप सभी अग्निवीरों का भारतीय सेना में स्वागत है।” इस अवसर पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने प्रतीक स्वरूप चयनित अग्निवीरो को तिलक लगाया और मां भारती की रक्षा के लिए जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
यूथ फाउंडेशन बना युवाओं का भविष्य निर्माता
इस अवसर पर मौजूद यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि इस बार उनके 752 कैंडिडेट्स में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्साहवर्धन से ही यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को सेना भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देता है। सेना की लिखित और शारीरिक परीक्षाओं का अभ्यास कराता है। कर्नल कोठियाल ने बताया कि यूथ फाउंडेशन अब तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस आदि में राष्ट्र सेवा के लिए भेज चुका है।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल कोठियाल द्वारा राष्ट्र सेवा के इस कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरो के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। गौरतलब है कि स्वयं कर्नल अजय कोठियाल भी एवरेस्ट विजेता और सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित रह चुके है। इसके अतिरिक्त केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण के लिए भी कर्नल कोठियाल के प्रयासों और उनकी सेवाओं को सराहा जाता है।

