किसान नेता ने दी पुलिस कप्तान को सलाह…

ख़बर शेयर करें

दिव्यांशु राणा और उसके परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए देहरादून में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष राकेश टिकैत अपने साथियों के साथ देहरादून पहुंचे। सड़क पर धरना उसी अंदाज में दिया जैसे उनकी पंचायत लगती है। मामले की नजाकत को भांपते हुए देहरादून के कप्तान प्रमेंद्र डोबाल टिकैत के पास पहुंचे। टिकैत खुद जमीन में बैठे थे तो कप्तान भी बेझिझक जमीन में बैठ गए और किसान नेता की बात को सुनने लगे। धरना देने देहरादून पहुंचे राकेश टिकैत ने पुलिस कप्तान को न केवल सुझाव दिए बल्कि भरोसा भी दिलाया।

यह भी पढ़ें -  हरदा की छुट्टी या भाजपा के लिए वॉकओवर...

टिकैत ने कहा उत्तराखंड को शांत समझा जाता है और देहरादून को पढ़ाई के माहौल के लिए जाना जाता है। इसीलिए हम लोग अपने बच्चों को देहरादून पढ़ने के लिए भेजते हैं लेकिन दिव्यांशु की हत्या बता रही है कि दून की फिजा बदलने लगी है इसकी आबोहवा में नशे की गंध और मारधाड़ की गूंज घुलने लगी है। लिहाजा पुलिस को सतर्क रहने और अभिभावकों को जिम्मेदार बनने की जरूरत है।

किसान नेता ने स्पष्ट कहा कि जो अभिभावक अपने बच्चों को जिद पूरी करने के लिए उन्हें थार जैसी महंगी गाड़ियां और वो भी काले शीशे वाली दे रहे हैं तो तय है कि उनका बच्चा चालीस फीसद बिगड़ा हुआ है। उससे पढ़ाई में अव्वल आने की उम्मीद बेमानी होगी। बहरहाल अच्छी बात ये है कि किसान नेता ने जहां अभिभावकों को समझाने के लिए खुद से पहल करने का आश्वासन दिया वहीं पुलिस से भी दो टूक कहा कि, दून पुलिस को नशे के कारोबार को बंद करवाने के लिए और चौकस रहने की जरूरत है ताकि दून की आबोहवा महफूज रहे।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में आज सचिवालय कूच: डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में राज्य कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन

आपको बता दें कि देहरादून की उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दिव्यांशु राणा की छात्रों के आपसी झगड़े में जान चली गई थी। बहरहाल दून पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार आरोपियों के लिए लगातार दबिश दे रही है। वहीं कातिलों का पता बताने वालों के लिए इनाम की रकम भी बढ़ा दी है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही दिव्यांशु के कातिल पकड़े जाएंगे। लेकिन देखना ये है कि किसान नेता की सलाह पर दून पुलिस कितना अमल करती है। फिर चाहे वो नशे का कारोबार पर अंकुश लगाना हो या काले शीशे वाली महंगी गाड़ियों पर।