देहरादून। राजधानी के शिक्षा हब माने जाने वाले बिदौली क्षेत्र में कॉलेज छात्रों को शराब सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गिरोह का आबकारी निरीक्षा प्रेरणा बिष्ट ने भंडाफोड़ किया है। मसूरी की आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से करीब 200 बोतल चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद हुई है। आबकारी विभाग के अनुसार, यह गिरोह पिछले दो-तीन वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय था और खास तौर पर कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर अवैध तरीके से शराब की आपूर्ति कर रहा था। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर टीम ने निगरानी बढ़ाई और आखिरकार आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्रों के बीच आसानी से पहुंच बनाने के लिए अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल करता था और सस्ते दामों पर शराब उपलब्ध कराता था, जिससे युवा वर्ग इसकी ओर आकर्षित हो रहा था। इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य पर भी गंभीर असर डालती हैं।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि विभाग लगातार ऐसे तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहा है और शिक्षा संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी कॉलेज और स्कूलों के आसपास इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में आबकारी टीम के उपनिरीक्षक एसएस रावत, विनोद कोठियाल, हेड कांस्टेबल नौशाद, सिपाही रीनू, अनुराधा, प्रियंका और शालिनी भी शामिल रहे। टीम की इस सफलता को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य तस्करों में भी हड़कंप मच गया है।

