देहरादून में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार……

ख़बर शेयर करें


देहरादून, प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान का असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। जहां पहले तस्कर बड़े स्तर पर ट्रकों के जरिए शराब की खेप उतारते थे, वहीं अब यह धंधा सिमटकर छोटी खेपों तक सीमित हो गया है। इसके पीछे आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई को मुख्य वजह माना जा रहा है।
राजधानी देहरादून में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट की अगुवाई में लगातार हो रही कार्रवाई ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है। तस्करों में इस कदर दहशत है कि कई ने इस अवैध कारोबार से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
ताजा मामला मोकमपुर क्षेत्र का है, जहां आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए 10 पेटी अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के बद्रीपुर क्षेत्र में रह रहा था।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। जांच के दौरान बरामद शराब पर दिल्ली और डिफेंस के फर्जी स्टीकर लगे हुए पाए गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि तस्कर लोगों को गुमराह करने के लिए नकली ब्रांडिंग का सहारा ले रहे थे।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी पहले भी एक गैंग के साथ आईएसबीटी क्षेत्र से गिरफ्तार हो चुका है। यह गैंग डिफेंस के फर्जी स्टीकर तैयार कर शराब की बोतलों पर चिपकाकर उन्हें बाजार में बेचता था, जिससे ग्राहकों को असली और सस्ती शराब का भ्रम होता था।
आबकारी विभाग का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि प्रदेश में कानून का शिकंजा कसता जा रहा है और अवैध कारोबार करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।