नियम कानून को लेकर आबकारी आयुक्त सख्त… GenZ बार विवाद के बाद की बड़ी कार्रवाई, आबकारी उप निरीक्षक को किया निलंबित…

ख़बर शेयर करें


देहरादून। राजपुर रोड स्थित GenZ बार से जुड़े विवाद और फायरिंग की घटना के बाद आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में मसूरी क्षेत्र-3 के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह रावत को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में आबकारी आयुक्त उत्तराखंड की ओर से आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 29 मार्च 2026 की रात को राजपुर रोड स्थित GenZ बार के आसपास गोलीबारी की घटना हुई, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बार निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित हो रहा था, जो आबकारी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों के अनुसार बार संचालन की अनुमति रात्रि 12 बजे तक ही होती है, लेकिन इसके बावजूद देर रात तक गतिविधियां जारी रहीं।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित क्षेत्र के उप आबकारी निरीक्षक को अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने और समय पर उच्चाधिकारियों को सूचित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने न तो समय पर बार संचालन बंद करवाया और न ही स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसे गंभीर लापरवाही और शिथिलता माना गया है।
इसी लापरवाही को देखते हुए आबकारी आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से सोबन सिंह रावत को निलंबित करने का निर्णय लिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जिला आबकारी अधिकारी, देहरादून कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और साफ संकेत मिल रहे हैं कि सरकार और प्रशासन अब नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।
देहरादून की इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर नियमों की अनदेखी कब तक जारी रहेगी। फिलहाल, आबकारी विभाग की इस सख्त कार्रवाई को एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।