उत्तराखंड की मौजूदा धामी सरकार ने नए साल पर कृषि विभाग के कृषि सहायकों को बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, उत्तराखंड में पहले कृषि सहायकों का वेतन 8300 रुपये प्रतिमाह था, जिसे अब परिवर्तित कर 12391 रुपये तक कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश की 672 न्याय पंचायतों में तैनात कृषि सहायकों को अब नए वेतन का लाभ मिलेगा। इस कड़ी में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड में कृषि सहायकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे, वहीं अब इस संबंध में शासनादेश भी जारी किया गया है।
धामी सरकार का बड़ा फैसला
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि सरकार का मानना है कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं व तकनीकी जानकारी को ग्रामीण स्तर पर पहुंचाने में न्याय पंचायत स्तर पर कार्यरत कृषि सहायकों का अहम योदगाद है लिहाजा लंबे समय से उनकी आय वृद्धि की मांगो को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है।
आपको बताते चलें कि पूर्व में कृषि सहायकों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर वेतन में वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव रखा था, वहीं उस समय कृषि मंत्री जोशी ने विभागीय सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके फलस्वरुप राज्य सरकार द्वारा कृषि सहायकों के मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया। इस संदर्भ पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आशावान दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि कृषि सहायकों के वेतन में वृद्धि किए जाने से न केवल सहायकों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि वे अधिक उत्साह और कर्मठता से किसानों की सेवा कर पाएंगे। कृषि मंत्री जोशी ने बताया कि कृषि सहायकों के मनोबल को समर्थन देना और उन्हें उनकी सेवाओं का उचित पारश्रमिक देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।


