भाजपा में नई ऊर्जा की तैयारी, धामी सरकार जल्द करने जा रही बड़ी सूची जारी…

ख़बर शेयर करें

देहरादून।
उत्तराखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर सभी कयासों और अटकलों को पीछे छोड़ते हुए मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरते नजर आ रहे हैं। चुनावी वर्ष में जहां बदलाव और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर थीं, वहीं अब सीएम धामी एक बार फिर अपने फैसले से इन तमाम अफवाहों पर विराम लगाने जा रहे है। सूत्रों के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर दायित्वधारियों की एक बड़ी सूची जारी की जा सकती है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कई सक्रिय और समर्पित नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बताया जा रहा है कि यह सूची लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए काम कर रहे उन चेहरों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो लगातार भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे रहे हैं। दायित्वों के वितरण को भाजपा के भीतर संगठनात्मक संतुलन और चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री धामी न केवल संगठन को साथ लेकर चल रहे हैं, बल्कि चुनाव से पहले पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को साधने में भी सफल होते दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से उत्तराखंड की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार, नेतृत्व परिवर्तन और बड़े प्रशासनिक बदलाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। हालांकि, केंद्र से मिली हरी झंडी के बाद धामी सरकार द्वारा दायित्वधारियों की सूची जारी करने की तैयारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पार्टी हाईकमान का पूरा भरोसा प्राप्त है। यही कारण है कि एक बार फिर उन्हें संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर फैसले लेने की खुली छूट दी गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो दायित्व वितरण के जरिए भाजपा आगामी चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। नए दायित्वधारी जहां सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम करेंगे, वहीं संगठन को भी नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। इससे उन नेताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है, जो लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और किसी जिम्मेदारी की प्रतीक्षा में थे।
कुल मिलाकर, चुनावी साल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह कदम न केवल राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, बल्कि इससे यह भी साफ होता है कि वे लगातार भाजपा हाईकमान की पसंद बने हुए हैं। आने वाले दिनों में दायित्वधारियों की सूची सामने आने के बाद उत्तराखंड की सियासत में नई हलचल देखने को मिल सकती है।