उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के बहुप्रतीक्षित इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। 12 किलोमीटर लंबा गणेशपुर-डाटकाली एलिवेटेड रोड जिसे एशिया का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडोर माना जा रहा है, जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। लिहाजा इससे उत्तराखंड से दिल्ली का सफर अब और भी कम समय में तय किया जा सकेगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा लगभग तय हो गया है। दरअसल, आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उत्तराखंड आकर देहरादून में दिल्ली- देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे। सूत्रों की माने तो इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रह सकते हैं।
वहीं इस बात की भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्सप्रेस वे का शुभारंभ करने के साथ ही दो जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बहरहाल, इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर काफी आसान और तेज हो जाएगा। वर्तमान समय में जहां देहरादून से दिल्ली का सफर तय करने में 5-6 घंटे तक का समय लगता है, जो कि एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद महज ढाई घंटे का सफर रह जाएगा। इस प्रकार यह परियोजना न केवल यात्रा समय कम करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

