देहरादून। राजधानी में रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के सनसनीखेज मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद महज सड़क पर अचानक भड़का झगड़ा नहीं था, बल्कि इसकी शुरुआत शहर के चर्चित राजपुर रोड स्थित एक हाई-प्रोफाइल gen z क्लब से हुई, जहां सुबह तक चल रही पार्टी ने हालात को बेकाबू कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, कथित तौर पर “Gen Z” क्लब में देर शाम शुरू हुई पार्टी पूरी रात जारी रही। क्लब में मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला क्लब परिसर से निकलकर सड़क तक जा पहुंचा। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा और रोड रेज के दौरान फायरिंग की घटना घटित हो गई, जिसमें एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जान चली गई। इस घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है।
जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामले की परतें खुलती गईं। आबकारी महकमे की नजर अब सीधे उस क्लब के संचालन और वहां की व्यवस्थाओं पर टिक गई है, जहां से यह पूरा विवाद शुरू हुआ। इसी कड़ी में इलाके की आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए क्लब को तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
आबकारी निरीक्षक ने नोटिस में स्पष्ट तौर पर सवाल उठाया है कि आखिर क्लब को निर्धारित समय सीमा से अधिक कैसे संचालित किया जा रहा था। नियमों के अनुसार देर रात तक क्लब संचालन की अनुमति सीमित समय तक ही होती है, लेकिन यहां पार्टी के सुबह तक चलने की बात सामने आ रही है, जो सीधे-सीधे नियमों का उल्लंघन है।
प्रेरणा बिष्ट ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर क्लब प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उनके इस कड़े रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि आबकारी निरीक्षक प्रेरणा अब इस पूरे मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि क्लब में कल रात भारी भीड़ थी और सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सवालों के घेरे में हैं। यदि समय रहते विवाद को रोका जाता, तो शायद यह घटना इतनी भयावह रूप न लेती। अब यह भी जांच का विषय बन गया है कि क्लब प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाए थे या नहीं।
फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच शुरू हो गई है—चाहे वह क्लब के अंदर का विवाद हो, बाहर सड़क पर हुई झड़प या फिर फायरिंग की पूरी साजिश। वहीं, आबकारी विभाग की सख्ती ने यह भी साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सीधी कार्रवाई होगी।

