उत्तराखंड में लगातार बढ़ते जमीन विवादों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। दरअसल, उत्तराखंड में लगातार जमीन विवाद बढ़ रहा है इसे देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने पूरे उत्तराखंड में एक महीने विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित भूमि विवादों को शून्य स्तर तक लाने के निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि सभी जिलों में पुराने और लंबित जमीन विवादों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद सीधे तौर पर आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े होते हैं लिहाजा ऐसे मामलों के लंबित रहने से कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि इन विवादों को जल्द से जल्द समाप्त कर लोगों को राहत दी जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल किया जा सके।


