उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तक आज बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में 8 से 12 अप्रैल तक आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री धामी ने इस चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बल के खिलाड़ियों, अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखण्ड के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि राज्य को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। बताते चलें कि इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग एवं कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राज्य को साहसिक खेलों और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लिहाजा ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत जैसे कार्यों में भी उपयोगी सिद्ध होते हैं। इन खेलों से प्राप्त दक्षता आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है और राज्य स्तर पर राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक श्री किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी सुश्री इशिता सजवान, अध्यक्ष नगर पालिका टिहरी गढ़वाल श्री मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी श्री संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी श्री मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ श्री दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी श्री गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे मौजूद थे।

