उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। दरअसल, आज मंगलवार को नई दिल्ली भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला। वह इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं जैसे जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर उन्हें बधाई दी।
आपको बताते चलें कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया और उन्हें चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। वहीं इस संगठन पर्व के दौरान पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता, जिनमें सभी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, राज्य इकाई के अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी मुख्यालय में मौजूद रहे।


