अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, जानिए शुभ मुहुर्त

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में शामिल यमुनोत्री धाम के कपाट इस बार 19 अप्रैल 2026, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंगलवार को यमुना जन्मोत्सव के अवसर पर खरसाली गांव में स्थित मां यमुना के शीतकालीन मंदिर में यमुनोत्री मंदिर समिति की अगुवाई में कपाट खुलने का विधिवत शुभ मुहूर्त निकाला गया। समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि कपाट दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर कर्क लग्न, कृतिका नक्षत्र और आयुष्मान योग में विशेष पूजा-अर्चना के बाद खोले जाएंगे। इससे पहले सुबह 8.30 बजे खरसाली गांव से मां यमुना की डोली पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भजनों के साथ यमुनोत्री के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर यमुना के भाई शनिदेव महाराज (सोमेश्वर महाराज) की डोली भी अपनी बहन को विदा करने यमुनोत्री तक जाएगी।