देहरादून। राजधानी देहरादून में रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के बाद अब प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस सनसनीखेज घटना ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली भी जांच के घेरे में आ गई है। सूत्रों के अनुसार, मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आबकारी आयुक्त ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपना लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राजपुर रोड क्षेत्र में संचालित बार और क्लबों के संचालन में कई स्तरों पर नियमों की अनदेखी की गई, जिससे हालात बिगड़ते चले गए और अंततः यह मामला हत्या तक जा पहुंचा।
सूत्रों की मानें तो आबकारी आयुक्त अब इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के मूड में हैं। जिले से लेकर विभागीय स्तर तक कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है। इतना ही नहीं, कुछ अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई की जद में आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी आ सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि सरकार और प्रशासन अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त करने के पक्ष में नहीं है। आबकारी आयुक्त का स्पष्ट संदेश है कि नियमों के पालन में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे किसी भी पद पर क्यों न हों।
गौरतलब है कि घटना के बाद से ही राजपुर रोड स्थित बार और क्लबों के संचालन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई न केवल दोषियों को सबक सिखाएगी, बल्कि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक कड़ा संदेश भी देगी। देहरादून की इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है और जिम्मेदारों को इसकी कीमत चुकानी होगी।

